गणतंत्र दिवस : अजमेर में कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने किया ध्वजारोहण

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के पुलिस लाइन स्थित नव विकसित मैदान पर आज 74वें गणतंत्र दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्य के कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने ध्वजारोहण किया, परेड का निरीक्षण किया तथा मार्चपास्ट की सलामी ली।

कटारिया ने राज्यपाल संदेश के पठन के बाद स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान तथा खेलकूद, सामाजिक तथा सरकारी क्षेत्र में काम करने वाली 67 प्रतिभाओं को सम्मानित किया। समारोह में स्कूली बच्चों ने लोक नृत्य, सामूहिक नृत्य व शारीरिक व्यायाम का प्रदर्शन किया। इस मौके पर एडीए, नगर निगम, चिकित्सा विभाग की झांकियों का भी प्रदर्शन किया गया।

स्वतंत्रता सेनानियों का किया सम्मान

जिला स्तरीय समारोह में स्वतंत्रता सेनानी श्री शोभाराम गहरवार का शॉल ओढाकर सम्मान किया गया। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन रामकली, चन्द्र अग्रवाल, विमला देवी, जानकी टी गोकलानी को भी सम्मानित किया गया।

पुलिस एवं होमगार्ड की प्लाटून ने की परेड

इस समारोह में परेड कमांडर जय सुल्तान सिंह के नेतृत्व में परेड की गई। सीआरपीएफ पुरूष प्लाटून का नेतृत्व प्लाटून कमाण्डर संदीप कुमार, राजस्थान पुलिस पुरूष प्लाटून का नेतृत्व उपनिरीक्षक महादेव सिंह, राजस्थान पुलिस महिला प्लाटून का नेतृत्व उपनिरीक्षक समजीदा बानो, होमगार्ड पुरूष प्लाटून का नेतृत्व प्लाटून कमाण्डर धर्मी चन्द्र, होमगार्ड महिला प्लाटून का नेतृत्व विकास ओजवानी,एनसीसी आर्मी विंग का नेतृत्व आसीम खान, एनसीसी नेवी विंग का नेतृत्व कृष्णवीर सिंह तथा राष्ट्रीय मिलट्री स्कूल का नेतृत्व विपन राज ने किया।

बैंड वादन से हुआ वातावरण देश भक्ति पूर्ण

समारोह में राजस्थान पुलिस के बैंड ने अशोक कुमार थापा के निर्देशन में देशभक्ति पूर्ण धुनें प्रस्तुत की। केन्द्रीय कारागृह के बंदी बैण्ड का नेतृत्व महेन्द्र जैन, गुरूकुल पब्लिक स्कूल का नेतृत्व हर्ष सोनी, हरी सुन्दर बालिका स्कूल का नेतृत्व खुशी, द्रोपदी देवी स्कूल का नेतृत्व रेशमा तथा सेण्ट स्टीफन स्कूल का नेतृत्व ओजस्वी ने किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम ने समां बांधा

जिला स्तरीय समारोह में शिक्षा विभाग के द्वारा पारंपरिक लोक रचनाओं पर समूह नृत्य समुच्च प्रस्तुत किया गया। उनकी प्रस्तुति आवोनी पधारो म्हारे देश तथा तालरिया मगरिया को भरपूर सरहाना मिली। इसके प्रभारी डॉ. शारदा देवडा थी। इसका संयोजन जिला शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार जोशी द्वारा किया गया था। इसमें सावित्री बालिका विद्यालय, केन्द्रीय बालिका विद्यालय, द्रोपदी देवी विद्यालय, मॉडल बालिका विद्यालय, अग्रसेन स्कूल, हरी सुंदर बालिका विद्यालय तथा एचकेएच स्कूल के 216 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

विद्यार्थियों ने किया व्यायाम प्रदर्शन

समारोह के दौरान अजमेर शहर के 14 विद्यालयों के 396 विद्यार्थियों ने व्यायाम का प्रदर्शन किया। इसका निर्देशन जसवंत सिंह ने किया था। इसके माध्यम से उत्तम स्वास्थ्य का संदेश दिया गया।

11 झांकियों ने दिया जागरूकता का संदेश

गणतंत्र दिवस के अवसर पर 11 विभागों द्वारा झांकियों का प्रदर्शन भी किया गया। इनमें अजमेर विकास प्राधिकरण की झांकी प्रथम, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा स्मार्ट सिटी की झांकी द्वितीय और कृषि विभाग की झांकी तृतीय स्थान पर रही। इसके अतिरिक्त सिविल डिफेंस, परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, वन विभाग, शुद्ध के लिए युद्ध अभियान तथा जिला परिषद की झांकियों ने भी जनजागरूकता के संदेश प्रदान किए।

इन्हें किया गया सम्मानित

जिला स्तरीय समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 64 व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिला स्तर पर बेहतरीन कार्य करने वाले आशाओं को भी पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र दिए गए। करकेड़ी की सजना देवी प्रजापत को तृतीय स्थान पर 2 हजार, सराधना की गीता को द्वितीय स्थान पर 3 हजार तथा सराधना की जनता बानो को प्रथम स्थान पर 5 हजार रूपए का पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार शहरी क्षेत्र में वैशालीनगर की पदमा ने प्रथम, कोटड़ा की निर्मला ने द्वितीय तथा सीमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन्हें भी नकद राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री नसीम अख्तर, वासुदेव देवनानी एवं अनिता भदेल, महापौर बृजलता हाडा, उप महापौर नीरज जैन, राजस्व मण्डल के सदस्य सीआर मीणा, संभागीय आयुक्त बीएल मेहरा, पुलिस महानिरीक्षक रूपिन्दर सिंघ, कलक्टर अंश दीप, अजमेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त अक्षय गोदारा, नगर निगम आयुक्त सुशील कुमार, पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट, प्रशिक्षु आईपीएस सुमीत मेहरडा, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त गजेन्द्र सिंह राठौड़, उपवन संरक्षक सुनिल चिद्री, पूर्व मेयर कमल बाकोलिया, अजमेर डेयरी के अध्यक्ष रामचन्द्र चौधरी, महेन्द्र सिंह रलावता और विजय जैन सहित अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।