ब्रह्मा बाबा की समाधि पर राष्ट्रपति मुर्मू ने अर्पित किया पुष्पचक्र

माउंट आबू। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने आज यहां ब्रह्माकुमारी संगठन के संस्थापक प्रजापिता ब्रह्माबाबा के समाधिस्थल शांतिस्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मुर्मू ने संगठन के संस्थापक ब्रह्मा बाबा की तपस्यास्थली कुटिया, बाबा का ध्यानकक्ष, ऐतिहासिक सभागृह बारीकी से अवलोकन किया। बाबा की समाधि शांति सतंभ पर मानवीय कल्याण को अंकित महावाक्यों का अध्ययन कर दो मिनट मौन रहकर ध्यानयोग किया।

मुर्मू ने इस अवसर पर अपने जीवन में आई चुनौतियों से सीखकर आगे बढऩे के अनुभव सांझा करते हुए कहा कि जीवन में कुछ भी असंभव नहीं है। उन्होंने महसूस किया कि मुश्किलों के दौर में परमात्मा हर एक की मदद करता है। कभी भी अकेले नहीं छोड़ता बशर्ते सर्वशक्तिमान परमात्मा पर अटूट विश्वास अटल निश्चय बना रहे।

हर समय परमपिता परमात्मा का साथ और वरदानी हाथ अपने सिर पर अनुभव करते रहने से जीवन में आने वाली कठिनाईयों का सुगमतापूर्वक समाधान मिलता है। जिसका उन्हें अपने दैनिक जीवन में एक नहीं अनेकों अनुभव प्राप्त हैं।

मुर्मू ने ज्ञान सरोवर अकादमी परिसर में पीस कॉटेज के सामने पूर्व राष्ट्रपति दिवंगत डॉ. ऐपीजे अब्दुल कलाम एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आदि विभिन्न अतिविशिष्ट लोगों की ओर से लगाए गए पौधे जो आज वृक्ष का रूप धारण कर चुके हैं उनके समीप ही पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन लंबी आयु के लिए स्वच्छ पर्यावरण की नितांत आवश्यकता है। जिसके लिए लोगों को अधिक से अधिक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होना चाहिए।

इससे पूर्व मुर्मू ने अलसुबह तीन बजे उठकर अपने आवासस्थल पीस कॉटेज में बने मेडिटेशन रूम में सहज राजयोग, ध्यान का अभ्यास किया। मेडिटेशन करने के बाद उन्होंने संगठन की संयुक्त मुख्य प्रशासिका डॉ. निर्मला दीदी से ईश्वरीय महावाक्यों का श्रवण किया। जिसके बाद ज्ञान सरोवर परिसर में नियमित आयोजित होने वाली प्रातःकालीन सभा में शामिल हुई।

इस अवसर शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला, सचिव राजेश वर्मा, प्रेजीडेंट के मिलट्री सेक्रेटरी मेजर जनरल आरएस मनराल, प्रेस सेक्रेटरी अजय कुमार, अतिरिक्त प्रेस सचिव विजय कुमार नायक, कैप्टन (आईएन) आरएस रंधावा, निजी सचिव संपदा मेहता, फिजिशियन डॉ. समीक्षा जैन, जिला परिषद अधिकारी शुभमंगला, कलक्टर भंवर लाल, एसपी ममता गुप्ता, उपखंड अधिकारी राहुल जैन सहित बड़ी संख्या में संस्था के सदस्य व अधिकारीगण मौजूद थे।