महाभारत धारावाहिक के ‘शकुनी मामा’ गूफी पेंटल नहीं रहे

मुंबई। लोकप्रिय टेलीविजन धारावाहिक ‘महाभारत’ में ‘शकुनी मामा’ की भूमिका के लिए मशहूर हुए अभिनेता गूफी पेंटल का सोमवार की सुबह निधन हो गया। वह 78 वर्ष के थे। उनके परिजनों ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा कर यह जानकारी दी। वह दिल और किडनी की बीमारियों से जूझ रहे थे। उन्हें यहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने सुबह करीब नौ बजे अंतिम सांस ली।

परिजनों ने पोस्ट में लिखा था कि परमेश्वर उनकी आत्मा को शान्ति दें! गहरे दुख के साथ हम अपने पिता मिस्टर गूफी पेंटल (शकुनी मामा) के निधन की सूचना देते हैं। आज सुबह परिजनों की उपस्थिति के बीच उनका निधन हो गया। पोस्ट में लिखा था कि गूफी ​​की अंतिम यात्रा सोमवार अपराह्न उनके घर से ओशिवारा श्मशान घाट के लिए शुरू होगी।

पंजाब के तरनतारन में चार अक्टूबर 1944 को जन्मे पेंटल ने फिल्म ‘श्री चैतन्य महाप्रभु’ का निर्देशन भी किया। गूफी ने 1975 में रफूचक्कर से फिल्मी जीवन की शुरुआत की थी। उन्हें महाभारत धारावाहिक में शकुनि मामा की भूमिका से सर्वाधिक प्रसिद्धि मिली। उन्होंने देस परदेस, दावा जैसी फिल्मों में अभिनय किया। वह टीवी श्रृंखला सीआईडी, कर्ण संगिनी, राधाकृष्ण का भी हिस्सा थे।