भरतपुर में मिट्टी ढहने से 3 महिलाओं समेत 4 की मौत, छह घायल

भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के गहनौली थाना क्षेत्र में जंगी के नगला के पास रविवार को चंबल परियोजना की पाइप लाइन डालने के दौरान मिट्‌टी ढहने से एक युवक और तीन महिलाओं की मौत हाे गई जबकि छह अन्य घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जंगी के नगला के पास सुबह पाइप लाइन के लिए की गई खुदाई में निकली पीली मिट्‌टी को भरने के लिए 15 महिला पुरूष करीब 10 फुट गहरे गड्‌ढे में उतरे थे। इसी दौरान मिट्‌टी भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। इस पर ग्रामीणों ने तुरंत फावड़ों से खुदाई करके मिट्‌टी में दबे सभी लोगों को निकाल लिया और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने बताया कि अस्पताल में अनुकूल (22), योगेश कुमारी (25), विनोद देवी (55) और विमला देवी (45) को चिकित्सकों ने मृतक घोषित कर दिया। जबकि घायलों में चार को उनके परिजन निजी अस्पताल ले गए दिनेश (38) और जयश्री (50) को भर्ती कर लिया गया। पांच अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

बागडे एवं भजनलाल ने भरतपुर जिले में हुए हादसे पर जताया दुख

राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भरतपुर जिले में मिट्टी ढहने से हुए हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बागडे ने ईश्वर से मृतकों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है।

शर्मा ने कहा कि भरतपुर के रूपवास क्षेत्र में मिट्टी ढहने की दर्दनाक घटना में हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने घायलों को समुचित चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए हैं। उन्होंने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा घायलों को शीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना की।