नवनिर्वाचित अजमेर जिला प्रमुख पूजा भंसाली ने लिया आशीर्वाद
अजमेर। राजगढ़ मसाणिया भैरव धाम पर रविवार को नागपुर (महाराष्ट्र) के भवानी माता सेवा समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी पांडुरंग मेहर के निधन पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। धार्मिक, सामाजिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले मेहर को मुख्य उपासक चम्पालाल महाराज सहित भैरव भक्त मंडल के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
धाम के प्रवक्ता अविनाश सेन ने बताया कि पांडुरंग मेहर पिछले करीब 35 वर्षों से राजगढ़ भैरव धाम से जुड़े हुए थे। वे भैरव भक्त मंडल की प्रबंधन समिति में वरिष्ठ सलाहकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके निधन का समाचार मिलने के बाद धाम से जुड़े श्रद्धालुओं में शोक की लहर फैल गई। श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया।
शिक्षा और चिकित्सा सेवाओं के विस्तार में रहा योगदान
पांडुरंग मेहर नागपुर में भवानी माता सेवा समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष रहते हुए अनेक सामाजिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों से जुड़े रहे। उनके नेतृत्व में ट्रस्ट के माध्यम से श्री भवानी मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल, गौशाला, बीएड कॉलेज, टीटी कॉलेज और महिला महाविद्यालय जैसी संस्थाओं का संचालन किया गया। ट्रस्ट का प्रमुख उद्देश्य जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सहायता उपलब्ध कराना रहा।
उनके निधन पर नागपुर के धार्मिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने भी शोक व्यक्त किया। राजगढ़ धाम में श्रद्धांजलि सभा के दौरान भैरव भक्त मंडल के कार्यकर्ता कैलाश प्रजापत को भी श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
नवनिर्वाचित जिला प्रमुख पूजा भंसाली ने लिया आशीर्वाद
रविवार को अजमेर की नवनिर्वाचित जिला प्रमुख पूजा भंसाली ने सपरिवार राजगढ़ भैरव धाम पहुंचकर माता कालिका और बाबा भैरव के दर्शन किए। उन्होंने मुख्य उपासक चम्पालाल महाराज से आशीर्वाद लिया तथा मनोकामनापूर्ण स्तंभ की परिक्रमा की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी सत्यनारायण भंसाली ने कहा कि उनका परिवार पिछले 20 वर्षों से नियमित रूप से राजगढ़ भैरव धाम आ रहा है। उन्होंने कहा कि बाबा भैरव के प्रति उनके परिवार की गहरी आस्था है और जिला प्रमुख का पद मिलना भी बाबा की विशेष कृपा है।
रविवार को आयोजित मेले में लक्ष्मणगढ़ के नवनिर्वाचित सरपंच पुष्पेंद्र ने भी भैरव धाम पहुंचकर बाबा के दर्शन किए और धोक लगाई। श्रद्धांजलि सभा एवं रविवार के मेले की व्यवस्थाओं में ओमप्रकाश सेन, रमेश सेन, राहुल सेन, अविनाश सेन, पदम जैन, प्रकाश रांका, सुनील रांका, अजय बुढानिया, लक्ष्मीनारायण, शुभम, नवल किशोर, नवीन, अमिताभ, मनोज मेहरा, ओमप्रकाश माली, श्याम शर्मा, सुरेश कांकाणी, विनय, राजकुमार और कमल सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।




