जेपी नड्डा ने मंजूर किया तेलंगाना भाजपा विधायक राजा सिंह का इस्तीफा

नई दिल्ली/हैदराबाद। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय जेपी नड्डा ने तेलंगाना के पार्टी विधायक टी राजा सिंह लोध का पार्टी से इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पार्टी मुख्यालय के प्रभारी अरुण सिंह ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने इस संबंध में राजा सिंह को पत्र लिखा है, जिसमें कहा है कि नड्डा के निर्देशानुसार मैं सूचित करता हूं कि आपका पार्टी से इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया है।

भाजपा की ओर से जारी विज्ञप्ति में सिंह ने कहा कि पार्टी की तेलंगाई इकाई के अध्यक्ष जी किशन रेड्डी को आपके द्वारा लिखे गए पत्र की विषयवस्तु पार्टी के सिद्धांतों, विचारधारा और कार्यप्रणाली के अनुरूप नहीं है। इस पत्र को नड्डा से संज्ञान में लाया गया और नड्डा के निर्देशानुसार आपके इस्तीफे को पार्टी ने तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।

गौरतलब है कि तेलंगाना में गोशामहल के विधायक राजा सिंह ने गत 30 जून को रेड्डी को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। सिंह ने उन मीडिया रिपोर्टों पर गहरी निराशा व्यक्त की थी, जिनमें कहा गया था कि राज्य के भाजपा के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं आपराधिक मामलों के वकील रामचंदर राव को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के लिए विचार किया जा रहा है।

इस बीच सिंह पार्टी आलाकमान द्वारा इस्तीफा स्वीकार किए जाने के बाद ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह फैसला पद की लालसा से प्रेरित नहीं, बल्कि हिंदुत्व और समाज सेवा के प्रति उनकी आजीवन प्रतिबद्धता से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि 11 साल पहले आज ही के दिन उन्होंने जनता और राष्ट्र की सेवा के साथ-साथ हिंदू समुदाय के अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। उनका इस्तीफा किसी राजनीतिक लाभ या व्यक्तिगत एजेंडे के लिए नहीं, बल्कि हिंदू मूल्यों को बनाए रखने और समुदाय के लिए अपनी आवाज़ उठाने के उनके निरंतर मिशन का हिस्सा है।

उन्होंने राज्य में पार्टी को सत्ता में लाने के लिए प्रयासरत लाखों भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की और कहा कि अब उनका मार्ग राजनीतिक पद से स्वतंत्र होकर समर्पित समाज सेवा और हिंदू अधिकारों की वकालत करना है। उन्होंने कहा कि वह हिंदुत्व, राष्ट्रवाद और सनातन धर्म के लिए अथक प्रयास करते रहेंगे और उन्होंने कहा कि उनका जन्म हिंदुत्व की सेवा के लिए हुआ है। उन्होंने लगातार तीन तेलंगाना चुनावों में गोशामहल विधानसभा सीट की जिम्मेदारी उन्हें सौंपे जाने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।