उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कार्यकर्ताओं संग खेली फूलों की होली

0

जयपुर। राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कार्यकर्ताओं के संग फूलों की होली खेलकर सामाजिक समरसता और एकता का संदेश दिया है।

दिया कुमारी ने बुधवार को यहां सिविल लाइंस स्थित अपने आवास पर विद्याधरनगर विधानसभा सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ होली मनाई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ उपमुख्यमंत्री ने फूलों की होली खेली।

सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश दिया। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक गीतों के बीच पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

उन्होंने इस अवसर पर सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पावन पर्व सामाजिक समरसता, एकता और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। होली हमें आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि यह पर्व प्रदेश के लोगों के जीवन में सुख, समृद्धि और आनंद के नए रंग भर दे।