पिथौरागढ़/नैनीताल। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में यात्रियों से भरे एक वाहन के मंगलवार को खाई में गिरने से 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 6 गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में तीन नाबालिग स्कूल छात्राएं भी हैं। सभी मृतक और घायल एक ही गांव के रहने वाले हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देर शाम देवलथल के मुवानी से यात्रियों से भरा वाहन बोकटा गांव लौट रहा था। इसी दौरान मुवानी पुल के पास अनियंत्रित हो कर 150 फीट गहरी नदी में गिर गया। वाहन में बोकटा गांव के 14 लोग सवार थे। इस दुर्घटना में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 6 गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मृतक और घायल बोकटा के रहने वाले हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही गांव और क्षेत्र के लोग दुर्घटनास्थल की ओर दौड़े और राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। मृतकों में तीन नाबालिग छात्राएं भी शामिल हैं। इनमें दो राजकीय कन्या इंटर कालेज मुवानी जबकि 1 प्रगति पब्लिक स्कूल मुवानी की छात्रा है।
मृतकों में सिमरन मनौला (07), तनुजा बिष्ट (15), विनीता (17) (तीनों स्कूली छात्राएं), नरेन्द्र सिंह खोलिया, शांति देवी, दीक्षा देवी, होशियार सिंह एवं राजेन्द्र सिंह शामिल हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रबंधन बल के जवानों ने ग्रामीणों के साथ मौके पर राहत व बचाव कार्य चलाया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा है कि पिथौरागढ़ जिले में दुर्घटना का अत्यंत गहरा समाचार प्राप्त हुआ है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दुर्घटना में दिवंगत लोगों को श्रीचरणों में स्थान और शोक संतप्त परिवार को इस असीम कष्ट को सहने की शक्ति मिले। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में यह भी कहा है कि जिला प्रशासन को घायलों के उचित उपचार के निर्देश दे दिए गए हैं। सभी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।