दिया कुमारी ने महिलाओं के उत्थान और संस्कृति संरक्षण पर दिया बल

अजमेर। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने रविवार को अजमेर में मातृशक्ति मानसून फेस्ट 2025 में शिरकत की।

दिया कुमारी ने इसमें मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इनके अलावा कार्यक्रम में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया ताई, राज्य मंत्री मंजू बाघमार, अजमेर विधायक अनीता भदेल, कोटा की लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, और नगर की पूर्व विधायक अनीता सिंह गुर्जर सहित कई जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, पारंपरिक संस्कृति के संरक्षण और स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन को आगे बढ़ाना था।

इस अवसर पर लहरिया फैशन शो, मदर-डॉटर शो, विभिन्न राउंड्स में प्रतियोगिताएं, और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों के स्थानीय स्टॉल्स भी कार्यक्रम की खास विशेषता रहे जो आत्मनिर्भरता और उद्यमशीलता को दर्शाते हैं।

इस मौके उपमुख्यमंत्री ने सर्वश्रेष्ठ लहरिया, मिस लहरिया, और मिस लहरिया ऑफ द इवनिंग जैसी श्रेणियों में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए और अपने संबोधन में कहा कि राज्य की प्रभारी मंत्री होने के नाते, जब भी महिलाएं पर्यटन या संस्कृति से जुड़े किसी कार्यक्रम के प्रस्ताव लेकर आएंगी, उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। यह आयोजन नारी सशक्तीकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल है।