रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बाद पूरे राज्य में शोक की लहर है। उनका पार्थिव शरीर आज शाम पांच से छह बजे के बीच रांची लाया जाएगा। अंतिम
संस्कार उनके पैतृक गांव झारखंड के रामगढ़ जिले के नेमरा में मंगलवार 5 अगस्त को दोपहर 3 बजे किया जाएगा। इससे पहले नई दिल्ली में सर गंगा राम अस्पताल पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्थिव शरीर पर पुष्प कर श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उनका पूरा जीवन जनजातीय समाज के कल्याण के लिए समर्पित रहा, जिसके लिए वे सदैव याद किए जाएंगे।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक सोमवार को पांच से छह बजे के बीच रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उनका पार्थिव शरीर सबसे पहले रांची के मोरहाबादी स्थित आवास पर लाया जाएगा। मंगलवार सुबह झामुमो के पार्टी कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए पार्थिवशरीर रखा जाएगा। इसके बाद पार्थिव शरीर को कल पूर्वाह्न 11 बजे झारखंड विधानसभा ले जाया जाएगा, जहां जनप्रतिनिधि और अधिकारी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
झारखंड विधानसभा श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पार्थिव शरीर को कल रामगढ़ जिले में स्थित पैतृक गांव नेमरा ले जाया जाएगा। पैतृक गांव नेमरा में आदिवासी रीति-रिवाज के साथ पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि की जाएगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई मंत्री, विधायक-सांसदों के अलावा पक्ष-विपक्ष के कई नेताओं के मौजूद रहने की संभावना है।
शिबू सोरेन के पूरे परिवार में भी मातम पसर गया है। पैतृक गांव नेमरा शिबू सोरेन के आवास और आसपास चारों ओर सन्नाटा पसरा हुआ है। शिबू सोरेन इस आवास में अक्सर पारिवारिक या खास आयोजनों में शामिल होने आते थे। आज इस आवास में खामोशी छाई है।
शिबू सोरेन के आवास में लगा यह झूला आज बेहद खामोश लग रहा है। कभी इस झूले पर सभी साथ मिलकर चहकते होंगे, लेकिन आज ये झूला भी सूना पड़ा है। शिबू सोरेन के आवास के अंदर का यह बगीचा आज भी उनकी मौजूदगी का एहसास दिला रहा है। इस बगीचे में शिबू सोरेन ने अपने हाथों से न जाने कितने पौधे लगाए थे।
झारखंड में तीन दिनों का राजकीय शोक
झारखंड सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के सम्मान में तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। सरकार ने इस अवधि के दौरान अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम भी रद्द कर दिए हैं। राज्य सरकार के सभी कार्यालय चार और पांच अगस्त को बंद रहेंगे।
मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य शिबू सोरेन का आज सुबह नई दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में निधन होने के बाद राज्य सरकार ने चार अगस्त से छह अगस्त तक तीन दिन का राजकीय शोक मनाने का फैसला किया है। बयान में कहा गया है कि इस दौरान झारखंड में सभी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। इसके अलावा झारखंड सरकार के सभी कार्यालय चार और पांच अगस्त को बंद रहेंगे।