कॉन्स्टीट्यूशन क्लब के सचिव पद पर रूडी ने दर्ज की जीत, बाल्यान को 102 मत से हराया

नई दिल्ली। कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने जीत हासिल कर इस पद पर अपना दबदबा बरकरार रखा है।

रूडी ने अपनी ही पार्टी के पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान को चुनाव में मात दी। बुधवार सुबह घोषित हुए चुनाव परिणाम में उन्होंने बालियान को 100 से अधिक वोटों से हराया। रूडी को 392 वोट मिले हैं जबकि बालियान को 290 वोट हासिल हुए हैं।

बिहार की सारण लोकसभा सीट से भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी पिछले 25 साल से सचिव पद पर हैं। इस बार बालियान ने उन्हें चुनौती दी थी। रूडी ने पहली बार 1999 में सचिव पद का चुनाव जीता था।

रूडी ने कहा कि मैं 100 से ज़्यादा वोटों से जीता हूं और अगर इसे 1000 मतदाताओं से गुणा किया जाए, तो यह संख्या एक लाख हो जाती है। यह मेरे पैनल की जीत है। हर किसी ने अपनी पार्टी से उठकर वोट डाला। मेरे पैनल में कांग्रेस, सपा, तृणमूल कांग्रेस और निर्दलीय सांसद थे। मुझे पिछले दो दशकों की मेरी मेहनत का फल मिला।

इस चुनाव में अमित शाह, पीयूष गोयल, जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी मतदान किया। मतदान में कुल 707 वोट पड़े। इनमें से 38 पोस्टल बैलेट थे, जबकि 669 सदस्यों ने खुद मौके पर जाकर वोटिंग की। मतदान पूरा होने बाद शाम पांच बजे के बाद वोटों की गिनती शुरू हो गई। मतगणना 26 राउंड तक हुई। इस चुनाव में कुल 1295 वोटर थे।

दूसरी तरफ खेल सचिव पद पर राजीव शुक्ला, संस्कृति सचिव के पद पर तिरुचि शिवा और कोषाध्यक्ष के पद पर जितेंद्र रेड्डी निर्विरोध चुने गए। इसके साथ ही कार्यकारी समिति में प्रदीप गांधी को 507 और नवीन जिंदल को 502 वोट के साथ निर्वाचित हुए।

लोकसभा अध्यक्ष ही कांस्टीट्यूशन क्लब के पदेन अध्यक्ष होते हैं और वर्तमान में यह जिम्मेदारी ओम बिरला के पास है। कांस्टीट्यूशन क्लब इस मामले में महत्वपूर्ण है कि यहां ठहरने, खाने के साथ ज़िम और स्विमिंग पूल की सुविधाएं मौजूद हैं। इसके अलावा इस परिसर में कई शानदार आडिटोरियम हैं। कांस्टीट्यूशन क्लब में कॉन्फ्रेंस, निजी आयोजन और कई राजनीतिक बैठकें भी होती हैं।