गुजरात भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष बने जगदीश विश्वकर्मा

गांधीनगर। गुजरात के मंत्री जगदीश विश्वकर्मा को शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नया प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया।

भारतीय जनता पार्टी गुजरात प्रदेश मीडिया विभाग ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि संगठन पर्व 2024-25 के अंतर्गत प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद के चुनाव परिणाम एवं नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष जगदीशभाई विश्वकर्मा का पदभार ग्रहण समारोह शनिवार को प्रदेश कार्यालय कमलम में शनिवार को सम्पन्न हुआ।

प्रदेश चुनाव अधिकारी उदयभाई कानगड़े ने चुनाव फार्म का सत्यापन किया और केवल एक फार्म भरा गया था। सभी की सर्वसम्मति से जगदीश विश्वकर्मा को निर्विरोध पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया।

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष जगदीशभाई पार्टी के बूथ स्तर के प्रभारी के रूप में कार्य कर चुके हैं। उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा ठक्करबापा नगर क्षेत्र से एक पार्टी कार्यकर्ता के रूप में शुरू की थी और अहमदाबाद महानगर के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभाई है।

वे लगातार तीन बार निकोल निर्वाचन क्षेत्र से विधायक चुने गए और वर्तमान में राज्य सरकार में मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने संगठन और सरकार में समन्वय के साथ भी काम किया है। इस कार्यक्रम में 39 राष्ट्रीय परिषदों की सूची भी निर्विरोध पारित की गई है।