युवा शक्ति के संकल्प से ही साकार होगा विकसित भारत का स्वप्न : उपमुख्यमंत्री डॉ. बैरवा

चित्रकला प्रतियोगिता में झलका आत्मनिर्भर और विकसित भारत का विज़न
अजमेर। भारतीय जनता पार्टी की शहर इकाई की ओर से गुजराती उच्च माध्यमिक विद्यालय में विकसित भारत एवं आत्मनिर्भर भारत विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में शनिवार को उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

डॉ. बैरवा ने चित्रकला प्रतियोगिता का अवलोकन करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं में राष्ट्र निर्माण, नवाचार और तकनीकी विकास के प्रति रुचि जागृत करने का एक रचनात्मक प्रयास है।

उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से हमें यह जानने का अवसर मिलता है कि देश का युवा 2047 में किस प्रकार का भारत देखना चाहता है। निश्चित रूप से देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन्हीं युवाओं के सपनों का भारत विकसित भारत के रूप में साकार होगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकला जैसी रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों को अपनी सोच और दृष्टिकोण को अभिव्यक्त करने का अवसर देती हैं। शिक्षा के साथ कौशल विकास पर विशेष ध्यान देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने के अवसर मिलें यही वास्तविक आत्मनिर्भर भारत की दिशा है।

डॉ. बैरवा ने विद्यार्थियों से कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना ही अपने आप में एक उपलब्धि है। जो विजेता नहीं बन पाए उन्हें निराश नहीं होकर निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होंने चित्रकला के माध्यम से अपने विचारों को रंगों में ढालने वाले सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में सायरा बानो को प्रथम स्थान, खुशी चौहान को द्वितीय तथा वंशिका बाकलीवाल को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर उपमुख्यमंत्री ने दुपट्टा, प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।

भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी ने कहा कि चित्रकला प्रतियोगिता अजमेर शहर के सभी 13 मंडलों में आयोजित की जाएगी। इसके अंतर्गत 100 से अधिक विद्यालयों और महाविद्यालयों में यह प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। इनमें युवाओं ने विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया और स्वदेशी जैसे विषयों पर अपनी परिकल्पनाओं को रंगों में उकेरा है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक संकल्प है। इसे कर्म से सिद्ध करना होगा। कार्यक्रम का संचालन जिला संयोजक रचित कच्छावा ने किया। इस अवसर पर सहसंयोजक संतोष मौर्य, उपमहापौर नीरज जैन, गुजराती समाज व विद्यालय सचिव राजेश अंबानी, गुजराती समाज ट्रस्टी चंद्रकांत पटेल, ट्रस्टी सचिव कन्हैयालाल शर्मा, गुजराती समाज अध्यक्ष नितिन मेहता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।