मुंबई। लोकप्रिय धारावाहिक महाभारत में कर्ण का किरदार निभाने वाले पंकज धीर का बुधवार को यहां निधन हो गया। वह 68 वर्ष के थे और लम्बे समय कैंसर से पीड़ित थे।
सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन ने आधिकारिक बयान में पंकज धीर के निधन की पुष्टि की। एसोसिएशन ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि गहरे शोक और दुःख के साथ हम सूचित करते हैं कि हमारे ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन और सिंटा के पूर्व महासचिव पंकज धीर का आज निधन हो गया।
पंकज धीर ने बीआर चोपड़ा के लोकप्रिय धारावाहिक महाभारत में दानवीर कर्ण का किरदार निभाया था, जिससे उन्हें भारी लोकप्रियता मिली थी। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उन्होंने कई हिंदी फिल्मों और टीवी सीरियलों में काम किया। उन्हें चंद्रकांता, युग, द ग्रेट मराठा और बढ़ो बहू जैसे शो में देखा गया। वह आशिक आवारा, सड़क, सोल्जर और बादशाह जैसी फिल्मों में भी नजर आये थे।
पंकज धीर के पिता सीएल धीर फिल्मकार थे। सीएल धीर ने 60 और 70 के दशक में कई फिल्मों में काम किया। वहीं, पंकज के बेटे निकितिन धीर भी अभिनेता हैं।