श्रीगंगानगर में शादी वाले घर से लाखों के जेवरात और नगदी चोरी

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के लालगढ़ जाटान थाना क्षेत्र स्थित जोगीवाला गांव में शादी समारोह के दौरान चोरों ने लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि भगवान जाट की पुत्री की शादी गुरुवार रात संपन्न हुई थी। इस दौरान डीजे पर नाच-गाने का दौर तड़के दो बजे तक चला। इसके बाद थके-हारे परिजन और बाहर से आये रिश्तेदार गहरी नींद में सो गए। चोरों ने इसी मौके का फायदा उठाते हुए तड़के दो से चार बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने बताया कि उन्होंने घर के नीचे वाले कमरों में सोये मेहमानों के सूटकेस और बैग छत पर ले जाकर तोड़ दिए। इसके अलावा, प्रथम मंजिल पर रखे सूटकेस और बैग भी चोरों ने खंगाले। कुल मिलाकर सात सूटकेस और बैग तोड़कर चोरों ने करीब 10 तोला सोने के जेवरात, 15 तोला चांदी के जेवरात और 20 हजार रुपए नगद चुरा लिए।

किशोरी से दुष्कर्म करने के आरोप में युवक अरेस्ट

श्रीगंगानगर जिले के रावला थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक किशोरी से दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि सुनील मेघवाल को गिरफ्तार किया गया है। सुनील के खिलाफ पीड़ित किशोरी के परिजन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने दो अक्टूबर की रात को घर में घुसकर किशोरी से जबरदस्ती दुष्कर्म किया। उस रात को किशोरी घर पर अकेली थी।

पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज होने पर पुलिस ने तत्काल ही जांच शुरू कर दी, लेकिन इस बीच आरोपी फरार हो गया। वह बीती रात पकड़ा गया। उसे आज अदालत में पेश किया गया।