दुर्ग/भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई नगर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक शर्मनाक वारदात सामने आई है, जहां एक महिला के साथ उसके पति के ही दो दोस्तों ने सामूहिक दुष्कर्म किया।
पीड़िता के पति ने जेल जाते समय जिन लोगों को पत्नी की सुरक्षा का जिम्मा सौंपा था, उन्हीं पर महिला को अपनी हवस का शिकार बनाने का आरोप लगा है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता का पति हत्या के प्रयास (धारा 307) के मामले में जेल में बंद है। जेल जाने से पहले उसने पत्नी से कहा था कि जरूरत पड़ने पर वह उसके दोस्तों से मदद ले सकती है। इसी बीच पीड़िता की भाभी ने पति के एक दोस्त को महिला का संपर्क नंबर उपलब्ध कराया, जिसके बाद आरोपी उससे मिलने के प्रयास करने लगे।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता के घर मिलने पहुंचा आरोपी पहले से मौजूद अपने दूसरे साथी को भी साथ ले आया। दोनों ने मिलकर महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया। वारदात में पीड़िता की भाभी ने भी सहयोग किया है।
घटना के बाद पीड़िता थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो युवकों रामाराव और नकुल तथा महिला की भाभी को गिरफ्तार कर लिया है।
दुर्ग पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट पर तत्काल कार्रवाई करते हुए दो युवकों और एक महिला को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि हुई है।
आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में शामिल अन्य लोगों की भी भूमिका की जांच की जा रही है। आरोपियों की संख्या बढ़ सकती है।



