अलवर में पत्नी से विवाद के चलते युवक ने लगाई फांसी

0

अलवर। राजस्थान में अलवर के अखैपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि स्कीम नंबर 10बी में अजय (31) ने रात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की बहन अनु पुलिस को बताया कि अजय और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद था। जिसको लेकर अजय मानसिक रूप से काफी परेशान रहता था।

इसी बात को लेकर घर में आए दिन झगड़े होते थे और अजय को प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का आरोप है कि इसी मानसिक दबाव के चलते अजय ने आत्मघाती कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही अखैपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मोबाइल छीनने की वारदात का खुलासा, दो आरोपी अरेस्ट

अलवर जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मोबाइल छीनने की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि सात फरवरी को अनुज वर्मा (35) से मोटरसाइकिल सवार दो युवक उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की पहचान की। लगातार प्रयासों के बाद आदिल (19) और वारिस (22) को गिरफ्तार कर लिया।