कर्नाटक के हुबली में अंतरजातीय विवाह को लेकर गर्भवती किशोरी और अजन्मे बच्चे की हत्या

हुबली। कर्नाटक के हुबली जिले में एक 19 साल की छह महीने की गर्भवती महिला और उसके अजन्मे बच्चे की हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है।

पुलिस के अनुसार यह हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके अपने ही परिवार के सदस्यों के द्वारा अंजाम दी गई है, क्योंकि वे उसके अंतरजातीय विवाह के खिलाफ थे। महिला की पहचान मान्या नाम से की गई है। उसने साल के आरंभ में अपनी पसंद के लड़के से जाति बंधन को तोड़कर शादी की थी। जिसे उसके परिवार ने स्वीकार नहीं किया। पुलिस ने बताया कि इसी फैसले की वजह से आखिरकार उसकी और उसके अजन्मे बच्चे की जान चली गई।

रविवार को यह हमला दो चरणों में हुआ। परिवार के सदस्यों ने पहले खेत में काम कर रहे महिला के पति और ससुर पर हमला करने की कोशिश की। जब वे इसमें नाकाम रहे, तो आरोपियों ने अपना गुस्सा महिला के घर में घुसकर लोहे की रॉड, पाइप और खेती के औजारों से उसकी पिटाई की। छह महीने की गर्भवती मान्या को गंभीर चोटें आईं और बाद में एक प्राइवेट अस्पताल में उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने पुष्टि की कि उसका अजन्मा बच्चा भी जीवित नहीं बचा।

धारवाड़ जिले की पुलिस अधीक्षक गुंजन आर्य ने बताया कि पीड़िता के पिता सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि अंतरजातीय विवाह के कारण हत्या की गई है। मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।