सावित्री बाई फुले की जयंती पर अजमेर में होंगे विभिन्न कार्यक्रम

अजमेर। भारत की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले की 195वीं जयंती के अवसर पर सावित्री बाई फुले राष्ट्रीय जागृति मंच की ओर से 3 जनवरी को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

संस्था अध्यक्ष सुनीता चौहान ने बताया कि शनिवार सुबह 10 बजे महात्मा ज्योतिबा फुले सर्किल पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद पूर्वान्ह 11:30 बजे से आदर्श नगर स्थित मनुहार समारोह स्थल पर मानसिक स्वास्थ्य: सामाजिक जिम्मेदारी कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ होगा।

इस कार्यक्रम की मुख्यवक्ता एमडी मनोरोग चिकित्सा डॉ. अनीता गौतम (जयपुर) मानसिक स्वास्थ्य एवं अवसाद जैसे गंभीर विषयों पर अपने दीर्घ अनुभव, व्यावहारिक सुझावों एवं संवेदनशील दृष्टिकोण से मार्गदर्शन प्रदान करेंगी।

इसी तरह मुख्य अतिथि क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट, काउंसलर एवं रिलेशनशिप एक्सपर्ट डॉ. मनीषा गौड मानसिक संतुलन, भावनात्मक समझ तथा पारिवारिक व सामाजिक संबंधों को सुदृढ़ करने के लिए अपने अनुभवों एवं विचारों को साझा करेंगी।

विधायक अनिता भदेल की अध्यक्षता में होने वाले इस कार्यक्रम में विशेष एवं प्रेरणादायी सहभागिता लाड़लीघर से पधारने वाली दृष्टिबाधित बालिकाओं की होगी एवं शुभदा संस्था के विशेष आवश्यकताओं वाले बच्चे होंगे। इन दोनों संस्थाओं की सहभागिता के जरिए कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में समावेश, संवेदना एवं समान अवसर के संदेश को सशक्त रूप से प्रस्तुत करना है।

इस अवसर पर सहयोग के संकल्प को पूर्ण करते हुए लाड़लीघर एवं शुभदा संस्था से आए बच्चों को उनकी आवश्यकता की वस्तुएं भी प्रदान की जाएंगी ताकि उनके विकास एवं सशक्तीकरण के प्रयासों में सभी सहभागी बन सकें।

यह आयोजन सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय मंच की ओर से किया जा रहा है। संस्था ने समाज के अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

किशनगढ़ में सावित्रीबाई फुले की जयंती पर सार्वजनिक मैराथन दौड़

किशनगढ़ में भारत की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले की जयंती के अवसर पर 3 जनवरी को सार्वजनिक मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन माली समाज किशनगढ़ की ओर से किया जा रहा है, जो सर्व समाज एवं सभी वर्गों के लिए खुला रहेगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मैराथन दौड़ महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में आयोजित की जाएगी। दोनों ही वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पृथक-पृथक ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी।

मैराथन दौड़ का शुभारंभ 3 जनवरी सुबह 7 बजे पुरानी मिल चौराहे से होगा, जिसे नगर के गणमान्य लोगों, अधिकारियों तथा समाज में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। दौड़ का समापन पुराना बस स्टैंड के पास स्थित डाक बंगला पर होगा।

डाक बंगला में मैराथन के समापन पर आयोजित कार्यक्रम में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे तथा सावित्रीबाई फुले की जयंती मनाई जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर एक सेल्फी पॉइंट का निर्माण भी किया जाएगा, जिसमें सावित्रीबाई फुले सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश का नाम गौरवान्वित करने वाली महिलाओं के चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे।