धौलपुर में भोले बाबा डेयरी पर आयकर विभाग का छापा

0

धौलपुर। राजस्थान में धौलपुर के रीको औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार काे भोले बाबा डेयरी पर आयकर विभाग के छापे के बाद डेयरी प्रबंधन और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

सूत्रों ने बताया कि आयकर विभाग की डेयरी परिसर में जांच-पड़ताल जारी है। आयकर विभाग का दल तड़के डेयरी पहुंचा और परिसर को अपने नियंत्रण में ले लिया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदर थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।

पुलिस बल ने डेयरी परिसर के बाहर सुरक्षा घेरा बनाया। इस बीच आयकर विभाग की टीम ने डेयरी कर्मचारियों को बाहर जाने एवं बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है।

दल डेयरी के अंदर दस्तावेजों, खातों और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच कर रहा है। इसमें कंप्यूटर सिस्टम, लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड और संभावित वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल शामिल है। आयकर विभाग के सूत्रों ने बताया कि जांच एवं कार्रवाई लंबी चल सकती है।