क्रीड़ा भारती जयपुर प्रांत की खेल कबड्‌डी खेल स्पर्धा का शुभारम्भ

1

जयपुर। क्रीड़ा भारती जयपुर प्रांत के खेल कबड्डी खेल स्पर्धा का उदघाटन कार्यक्रम उमा आदर्श विद्या मंदिर राजा पार्क जयपुर के सभागार में रविवार को हुआ।

कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए क्रीड़ा भारती के क्षेत्र संयोजक मेघसिंह चौहान ने बताया कि कबड्‌डी भारत का प्राचीन खेल है। 1936 में बर्लिन ओलम्पिक में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर कबड्‌डी को प्रदर्शन मैच के रूप में खेला गया था तथा टीम को पदक भी दिया गया था।

भारत सरकार 2036 में ओलम्पिक खेल भारत में आयोजित करवाने का प्रयास कर रही है। कबड्‌डी के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्माण करने एवं 2036 के ओलम्पिक खेलों में कबड्‌डी सम्मिलित हो इसके लिए क्रीड़ा भारती, अखिल भारतीय स्तर पर प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में खेल कबड्‌डी खेल स्पर्धा आयोजित की जा रही है।

जयपुर प्रांत में यह स्पर्धा 18 जनवरी 2026 से 28 फरवरी 2026 तक आयोजित होंगी। स्पर्धा में महिला व पुरुषों की चार आयु वर्ग 10 से 14 वर्ष, 14 से 19 वर्ष, 19 से 35 वर्ष एवं 35 वर्ष से ऊपर की टीमें भाग लेंगी। केवल जयपुर महानगर में ही 17 स्थानों पर 500 से अधिक टीमें खेलेंगी। इस मौके पर अतिथियों ने जयपुर महानगर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाली कबड्डी स्पर्धाओं के पोस्टर का विमोचन किया।

कबड्‌डी का मूल मंत्र – 4D एवं 1L : ओपी नैयर

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाज सेवी ओपी नैयर ने बताया कि कबड्डी में दिल, दिमाग, दम और दौड़ एवं लचक रूपी 4D एवं 1L का मूल मंत्र है। नैयर स्वयं राष्ट्रीय स्तर के कबड्‌डी खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने नशे से दूर रहने एवं साधारण आहार पर ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी बताया कि गोपाल सैनी, दारा सिंह और मेरे जैसे अनेक खिलाड़ी साधारण परिवारों से ही निकले हैं। उन्होंने स्वयं भी इस स्पर्धा में खेलने की इच्छा व्यक्त की।

मजबूत टीम, कठिन परिश्रम ही सर्वश्रेष्ठ : गोपाल सैनी

क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल सैनी ने अपने मार्गदर्शन में कहा कि कठिन परिश्रम करके ही मजबूत टीम बनाई जा सकती है। खिलाड़ि‌यों को अधिक सुविधाएं नहीं मांगनी चाहिए बल्कि कठिन परिश्रम करना चाहिए।

उद्‌घाटन कार्यक्रम में महिला व पुरु‌षों की 19 टीमें उपस्थित थी। खोले के हनुमान जी मंदिर महंत के पुत्र अंशुमान चतुर्वेदी, प्रांतमंत्री कैलाश शर्मा, सांगानेर महानगर अध्यक्ष मोहित कुमार, जयपुर महानगर अध्यक्ष राजनारायण शर्मा, उपाध्यक्ष रजनी शर्मा, अन्तराष्ट्रीय खिलाड़ी रामचंद्र कसाना, राकेश शर्मा, सत्यनारायण, असफाक खान, रामबाबु, कोच मूलचंद सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम के पश्चात सूरज मैदान में दिनभर स्पर्धाएं आयोजित हुई।