नितिन नबीन के भाजपा अध्यक्ष चुने जाने पर राजस्थान भाजपा कार्यालय में आतिशबाजी

0

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नितिन नबीन के निर्विरोध निर्वाचित होने पर जयपुर में भाजपा प्रदेश कार्यालय में भव्य उत्सव का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े बजाये, आतिशबाजी की और भारत माता की जय, भाजपा जिंदाबाद, नरेंद्र मोदी जिंदाबाद, जेपी नड्डा जिंदाबाद, नितिन नबीन जिंदाबाद के नारों के साथ खुशी जाहिर की। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर जश्न मनाया।

इस अवसर पर विधि मंत्री जोगाराम पटेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्विरोध निर्वाचन पर समस्त कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और भाजपा परिवार की ओर से नबीन को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि आज हिन्दुस्तान के राजनीतिक इतिहास में नया अध्याय प्रारंभ हुआ है। भाजपा को 45 वर्ष की उम्र में 45 वर्षीय युवा नेतृत्व मिला है, जो राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रप्रेम और अमृत काल में देश को गौरव की ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी को नया और ऊर्जावान नेतृत्व मिला है।

राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने कहा कि नबीन के नेतृत्व में पार्टी नए आयाम स्थापित करेगी। भाजपा देश की वह पार्टी है जो देश के युवाओं को साथ लेकर चलती है। युवा नेतृत्व के माध्यम से देश में नई ऊर्जा का संचार होगा।

भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि भाजपा में कार्य और सेवा के आधार पर अवसर मिलता है, जबकि अन्य दल परिवारवाद पर आधारित हैं। भाजपा ने एक बार फिर सिद्ध किया है कि यह युवाओं की पार्टी है। आने वाले समय में संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल के साथ पार्टी और अधिक सशक्त होगी।

इस दौरान भाजपा के प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, मिथिलेश गौतम, प्रदेश मंत्री अजीत माढण, अपूर्वा सिंह, भाजपा कार्यालय सचिव मुकेश पारीक, प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शंकर गेरा, जयपुर जिला अध्यक्ष अमित गोयल, भाजपा मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, आईटी प्रभारी अविनाश जोशी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद थे।