जयपुर में रविवार को आयोजित होगा 108 सामूहिक सूर्य नमस्कार

0

जयपुर। क्रीड़ा भारती की जयपुर महानगर इकाई एवं आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 25 जनवरी को सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम सुबह 7:30 बजे अल्बर्ट हॉल संग्रहालय, रामनिवास बाग के सामने आयोजित होगा।

उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, खेल एवं युवा मामलों के कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के श्रीवर्धन, क्रीड़ा भारती के प्रदेश अध्यक्ष शरद मिश्रा एवं प्रांत अध्यक्ष डॉ जीएल शर्मा कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

कार्यक्रम में लगभग 1000 योग साधक 40 मिनट में लगातार 108 सूर्य नमस्कार लगाएंगे। ऐसे सभी योग साधकों को क्रीड़ा भारती की ओर से प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे।

समाज व्यापी हो सूर्य नमस्कार

पृथ्वी को ऊर्जा प्रदान करने वाले भगवान सूर्यनारायण के कारण प्राण शक्ति का सृजन होता है। सूर्य आराधना के रूप में किये जाने वाले सूर्यनमस्कार का अविष्कार वेदिककाल में हमारे ऋषिमुनियों ने किया है। शरीर, बुद्धि का विकास एवं मन (चारित्रय) पर संस्कार इस व्यायाम पद्धति द्वारा होता है।

आसनों की श्रृंखला के कारण सूर्यनमस्कार से शरीर के अंग प्रत्यंग को ओज, बल एवं लचिलापन प्राप्त होता है। बुद्धि के विकास के साथ मन की शक्ति का विकास भी सूर्यनमस्कार द्वारा साध्य होता है। सूर्य नमस्कार जन-जन तक व्याप्त हो एवं एवं प्रत्येक व्यक्ति की दिनचर्या का अंग बने ऐसा क्रीड़ा भारती का लक्ष्य है।

जयपुर के निवासियों से क्रीड़ा भारती सूर्य नमस्कार को अपनी दिनचर्या का अंग बनाने एवं इस कार्यक्रम में साधक के रूप में सम्मिलित होने तथा देखने हेतु आने का आग्रह करती है।