विमान हादसे में उप मुख्यमंत्री अजित पवार समेत जौनपुर की बेटी पिंकी माली की दर्दनाक मौत

1

जौनपुर। महाराष्ट्र के बारामती में हुए भीषण विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में जौनपुर जिले की निवासी फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की भी मृत्यु हो गई, जिससे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पिंकी माली उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में केराकत तहसील के भैंसा गांव की मूल निवासी थीं। इस संबंध में अपना दल के राष्ट्रीय सचिव पप्पू माली ने जानकारी देते हुए बताया कि पिंकी माली के पिता शिवकुमार माली राष्ट्रवादी पार्टी के नेता रहे हैं। पिंकी का पूरा परिवार वर्तमान में मुंबई में निवास करता था, हालांकि पैतृक गांव भैंसा से उनका पारिवारिक जुड़ाव बना रहा और समय-समय पर उनका गांव आना-जाना होता था।

उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही भैंसा गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया। पिंकी माली की मौत की खबर से परिजन बेसुध हैं, वहीं गांव के लोग उन्हें एक मेहनती, मिलनसार और होनहार युवती के रूप में याद कर रहे हैं, जिसने गांव और जिले का नाम रोशन किया था। इस विमान हादसे को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर भी शोक व्यक्त किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय लोगों ने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।