पश्चिम बंगाल की जनता ममता सरकार से मुक्ति चाहती है : नितिन नवीन

0

नई दिल्ली/दुर्गापुर/आसनसोल। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की ममता सरकार निशाना साधते हुये कहा कि जनता अराजक ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस सरकार से मुक्ति चाहती है।

नवीन ने पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर और आसनसोल में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति, भ्रष्टाचार, महिला असुरक्षा, अवैध घुसपैठ और सनातन परंपराओं पर हो रहे हमलों को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल में अराजकता अपने चरम पर है और जनता अब इस सरकार से मुक्ति चाहती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान करते हुए कहा कि अब राज्य में भाजपा के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बनाने का समय आ गया है।

नवीन ने कहा कि पश्चिम बंगाल की यह भूमि स्वामी विवेकानंद, रामकृष्ण परमहंस, रवींद्रनाथ टैगोर और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी महान विभूतियों की जन्मस्थली रही है, जिन्होंने देश और दुनिया को भारत की सांस्कृतिक और बौद्धिक शक्ति से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान के कारण ही बंगाल आज सुरक्षित है। उन्होंने याद दिलाया कि 2011 में इसी भूमि से भारतीय जनता युवा मोर्चा ने राष्ट्रीय एकता यात्रा निकाली थी, जिसके परिणामस्वरूप कश्मीर से धारा 370 हटाने जैसे ऐतिहासिक फैसले संभव हो पाए।

नवीन ने आरोप लगाया कि आज भी कुछ ताकतें बंगाल को अस्थिर करने और राज्य की पहचान को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अवैध घुसपैठ को संरक्षण देने वाली नीतियां और सनातन परंपराओं पर हमले राज्य की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता किसी भी हाल में बंगाल की सुरक्षा से समझौता नहीं होने देगा।

नवीन ने महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बंगाल में माताओं-बहनों की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध बढ़े हैं और तृणमूल कांग्रेस से जुड़े असामाजिक तत्व खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता माताओं-बहनों की सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी मानते हैं और इसके लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण सर्वोच्च प्राथमिकता है और बंगाल में भाजपा सरकार बनने पर इसे पूरी सख्ती से लागू किया जाएगा।

नवीन ने औद्योगिक विकास पर कहा कि दुर्गापुर कभी देश का एक बड़ा औद्योगिक केंद्र हुआ करता था, जहां रोजगार की अपार संभावनाएं थीं। लेकिन आज स्थिति यह है कि यहां न तो नए उद्योग आ रहे हैं और न ही पुरानी इकाइयों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिंगूर और दुर्गापुर जैसे क्षेत्रों में उद्योगों के नाम पर केवल राजनीति की गई, जिससे युवाओं को रोजगार नहीं मिला और उन्हें पलायन के लिए मजबूर होना पड़ा।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से राज्य में भ्रष्टाचार और ‘टीएमसी टैक्स’ की राजनीति चल रही है। टीएमसी के विधायक और मंत्री वसूली में लगे हुए हैं, जबकि आम जनता परेशान है। शिक्षा और भर्ती घोटालों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी देने के नाम पर लूटा गया और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

नवीन ने चुनावी प्रक्रियाओं को लेकर भी राज्य सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों का दुरुपयोग कर जनता को परेशान किया जा रहा है और इसका दोष चुनाव आयोग पर मढ़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों से निष्पक्षता के साथ काम करने की अपील की।

नवीन ने कहा कि बंगाल की जनता ने ममता सरकार की उलटी गिनती शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि बंगाल को सुरक्षित, विकसित और सम्मानित बनाने की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान किया।

नवीन ने दुर्गापुर के ऐतिहासिक भिरिंगी श्मशान काली मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उनके साथ मौजूद रहे। सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, राष्ट्रीय महामंत्री व बंगाल प्रभारी सुनील बंसल, सह-प्रभारी अमित मालवीय, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, सांसद सौमित्र खान, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।