मैनपुरी में प्रेमी के साथ मिलकर कराई पति की हत्या, 4 अरेस्ट

0

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में किशनी थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कासगंज जिले से लापता युवक कमलेश यादव की हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार युवक की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर कराई थी। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि पिछली 25 फरवरी को बेवर-इटावा मार्ग पर पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास गेहूं के खेत में एक अज्ञात शव मिला था जिसकी पहचान सुल्तानपुर निवासी कमलेश यादव के रूप में हुई। मृतक के भाई अवधेश यादव ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।

जांच के दौरान सर्विलांस और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर मृतक की पत्नी सुनीती उर्फ संगीता पर शक हुआ। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि उसका इटावा जिले के चंदरपुर निवासी सिथलेश उर्फ सुतलेश के साथ प्रेम संबंध था।

पुलिस के अनुसार पति को रास्ते से हटाने के लिए सुनीती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर साजिश रची। योजना के तहत सिथलेश ने अपने साथी दीपक कश्यप और भूरे उर्फ विशनू कुमार के साथ मिलकर कासगंज स्थित नोवा डेयरी प्लांट से कमलेश का अपहरण किया। बाद में आरोपियों ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को सबूत मिटाने के लिए किशनी क्षेत्र के गेहूं के खेत में फेंक दिया।

थाना किशनी पुलिस और सर्विलांस टीम ने 14-15 मार्च की रात सटीक सूचना के आधार पर घटना में शामिल चारों आरोपियों सुनीती उर्फ संगीता, सिथलेश उर्फ सुतलेश, दीपक कश्यप और भूरे उर्फ विशनू कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।