सूरतगढ़ में बस-ट्रेलर भिड़ंत से चालक की मौत, 10 से अधिक घायल

3

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग 62 पर गांव पालीवाल के पास सोमवार को घने कोहरे के कारण राजस्थान रोडवेज की बस और ट्रेलर की टक्कर से ट्रेलर के चालक की मौत हो गई जबकि बस में सवार महिलाओं और बच्चों सहित 10 से अधिक लाेग घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बस श्रीगंगानगर से सूरतगढ़ जा रही थी जबकि ट्रक ट्रेलर सामने से आ रहा था। सुबह करीब साढ़े आठ बजे पालीवाला गांव के पास एक वाहन को ओवरटेक करने के दौरान बस विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ट्रेलर से टकरा गई।

इससे ट्रेलर चालक बीकानेर जिले के रासीसर के नजदीक जैंगला गांव के मनफूल बिश्नोई की मौत हो गई जबकि 10 से अधिक लोग घायल हाे गए। पुलिस ने बताया कि सभी घायलों काे सूरतगढ़ के सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है।