हरिद्वार की नाबालिग का अपहरण व रेप का आरोपी राजस्थान से अरेस्ट

0

हरिद्वार। हरिद्वार में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराध में फरार चल रहे आरोपी को बहादराबाद पुलिस ने अंतरराज्यीय कार्रवाई करते हुए राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। जिसका खुलासा पुलिस ने बुधवार को किया है। आरोपी के कब्जे से अपहृता को सकुशल बरामद कर एक बड़ी राहत भरी सफलता प्राप्त की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बहादराबाद निवासी एक व्यक्ति ने दिनांक 20 जनवरी 2026 को थाना बहादराबाद में तहरीर देकर अवगत कराया कि उसकी लगभग 14 वर्षीय नाबालिग पुत्री को संजय पुत्र रूपनारायण, निवासी ग्राम श्यामलाल पुरवा, जिला सीतापुर (उत्तर प्रदेश) द्वारा बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की।

नाबालिग के अपहरण से जुड़े इस संवेदनशील प्रकरण का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने तुरंत संज्ञान लेते हुए थानाध्यक्ष बहादराबाद को अपहृता की शीघ्र बरामदगी एवं आरोपी की गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने सीआईयू हरिद्वार के सहयोग से सर्विलांस, सुरागरसी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार दबिशें दीं। पुलिस ने आरोपी संजय को कस्बा व थाना नीमराना, जिला कोटपुतली-बहरोड़ (राजस्थान) से दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया गया, जिसे आवश्यक संरक्षण व परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।