मुंबई। विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में तीन दिन की तेजी पर गुरुवार को ब्रेक लग गया और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 503.76 अंक (0.60 प्रतिशत) टूटकर 83,313.93 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 133.20 अंक यानी 0.52 प्रतिशत फिसलकर 25,642.80 अंक पर आ गया। बाजार में आज चौतरफा बिकवाली देखी गयी। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.22 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.28 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।
धातु, ऑटो, आईटी, निजी बैंकों, रियलटी, एफएमसीजी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों के सूचकांक लाल निशान में रहे। सार्वजनिक बैंकों और स्वास्थ्य समूहों के सूचकांक बढ़त में रहे। एनएसई में जिन 3,241 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें 2,033 के शेयर लाल निशान में और 1,113 के हरे निशान में बंद हुए। अन्च 95 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स 30 में से 24 कंपनियों में गिरावट रही। इटरनल का शेयर 2.50 प्रतिशत टूट गया। भारती एयरटेल का शेयर 1.65 प्रतिशत, बीईएल का 1.42, आईटीसी का 1.15 और इंफोसिस का 1.05 प्रतिशत फिसल गया। टाइटन, बजाज फिनसर्व, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, एशियन पेंट्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, हिंदुस्तान यूनीलिवर, एलएंडटी, इंडिगो, एक्सिस बैंक और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी लाल निशान में रहे।
ट्रेंट का शेयर 2.95 प्रतिशत और टाटा स्टील का 1.23 प्रतिशत चढ़ा। भारतीय स्टेट बैंक में भी तेजी रही।
वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 0.88 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.64 प्रतिशत गिर गया। हांगकांग के हैंगसेंग में 0.14 प्रतिशत की तेजी रही। यूरोप में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.89 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.49 प्रतिशत नीचे था।



