घरेलू शेयर बाजारों में लौटी तेजी, सेंसेक्स 944 अंक चढ़ा

4

मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को तेजी लौट आई और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 943.52 अंक (1.17 प्रतिशत) चढ़कर 81,666.46 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 262.95 अंक यानी 1.06 फीसदी की तेजी के साथ 25,088.40 अंक पर पहुंच गया।

इससे पहले बजट के दिन रविवार को विशेष सत्र में दोनों सूचकांक करीब दो प्रतिशत लुढ़क गए थे। शेयर बाजारों की शुरुआत आज गिरावट के साथ हुई, लेकिन बाद में अच्छी लिवाली देखी गई। रुपए में तेजी से बाजार में निवेश धारणा को समर्थन मिला। मझौली और छोटी कंपनियों में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.22 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.64 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।

वाहनों की बिक्री के मजबूत आंकड़े आने से ऑटो सेक्टर में तेजी रही। तेल एवं गैस, धातु, एफएमसीजी, रियलटी, रसायन, बैंकिंग और वित्तीय कंपनियों के समूहों में भी लिवाली हावी रही। आईटी और स्वास्थ्य समूहों के सूचकांक टूट गए।

एनएसई में जिन 3,286 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 1,549 के शेयर हरे निशान में और 1,638 के लाल निशान में बंद हुए। अन्य 99 कंपनियों के शेयर दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 25 के शेयर बढ़त में रहे। पावरग्रिड का शेयर 7.61 प्रतिशत मजबूत हुआ। अडानी पोर्ट्स में 4.76 प्रतिशत, बीईएल में 3.33 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 3.28, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.97, एलएंडटी में 2.86, इंडिगो में 2.13 और अल्ट्राटेक सीमेंट में दो प्रतिशत की बढ़त देखी गई।

एशियन पेंट्स का शेयर 1.79 फीसदी, आईटीसी का 1.68, टाटा स्टील का 1.62, आईसीआईसीआई बैंक का 1.40, एनटीपीसी का 1.39, इटरनल का 1.34, मारुति सुजुकी का 1.31, सनफार्मा का 1.16, बजाज फिनसर्व का 1.15, भारतीय स्टेट बैंक का 1.11 और भारती एयरटेल का 0.99 प्रतिशत चढ़ा। एचडीएफसी बैंक, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर भी हरे निशान में बंद हुए।

इंफोसिस में सबसे अधिक 1.85 प्रतिशत की गिरावट रही। एक्सिस बैंक में 1.53 प्रतिशत, टाइटन का 0.88, टीसीएस का 0.50 और ट्रेंट का 0.33 प्रतिशत गिर गया। वैश्विक स्तर पर एशिया में चीन का शंघाई कंपोजिट 2.48 फीसदी, हांगकांग का हैंगसेंग 2.23 फीसदी और जापान का निक्केई 1.25 फीसदी की गिरावट में रहा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.60 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.35 प्रतिशत ऊपर था।