मुंबई। अमरीका और भारत के बीच व्यापार समझौते की घोषणा से मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में जबरदस्त उछाल देखा गया और प्रमुख सूचकांक तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 2,072.67 अंक (2.54 प्रतिशत) चढ़कर 12 जनवरी के बाद के उच्चतम स्तर 83,739.13 अंक पर बंद हुआ। सूचकांक सुबह 3,656.74 अंक की तेजी में 85,323.20 अंक पर खुला और कुछ ही देर में 4,205 अंक चढ़कर 85,871.73 अंक पर पहुंच गया। बाद में इसकी तेजी कुछ कम हुई।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 639.15 अंक यानी 2.55 प्रतिशत चढ़कर 25,727.55 अंक पर बंद हुआ जो 13 जनवरी के बाद का उच्चतम स्तर है। सुबह के समय यह ऊपर 26,341.20 अंक तक चढ़ा था।
चौतरफा लिवाली के बीच सभी सूचकांकों में अच्छी मजबूती देखी गई। मझौली कंपनियों वाले निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक में 2.80 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक में 2.82 प्रतिशत की तेजी रही। रुपए में रहे उछाल से भी शेयर बाजारों में निवेश धारणा मजबूत हुई। भारतीय मुद्रा फिलहाल 123.50 पैसे चढ़कर 90.26 रुपए प्रति डॉलर पर है। ऑटो, फार्मा, बैंकिंग, वित्त, रियलटी, स्वास्थ्य और रसायन समेत सभी सेक्टरों के सूचकांकों में बड़ी तेजी देखी गई।
एनएसई में कुल 3,318 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 2,693 के शेयर हरे निशान में और 533 के लाल निशान में बंद हुए। अन्य 92 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे। भारत-अमरीका समझौते के साथ अच्छे तिमाही परिणाम आने से अडानी पोर्ट्स का शेयर 9.12 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस का 6.68, इंडिगो का 5.51, पावरग्रिड का 4.85, सनफार्मा का 4.54 और बजाज फिनसर्व का 4.29 प्रतिशत चढ़ गया।
भारतीय स्टेट बैंक का शेयर 3.48 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 3.43, एलएंडटी का 2.95, एक्सिस बैंक का 2.86, टाइटन का 2.80, ट्रेंट का 2.78, आईसीआईसीआई बैंक का 2.77, मारुति सुजुकी का 2.73, इटरनल का 2.55, एनटीपीसी का 2.33, टाटा स्टील का 2.31 और एचडीएफसी बैंक का 2.28 प्रतिशत मजबूत हुआ।
महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.87 फीसदी, कोटक महिंद्रा बैंक 1.83, टीसीएस 1.72, भारती एयरटेल 1.61, इंफोसिस 1.59, एचसीएल टेक्नोलॉजीज 1.05 और एशियन पेंट्स 1.04 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। आईटीसी, हिंदुस्तान यूनीलिवर और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर भी हरे निशान में रहे।
टेक महिंद्रा में 0.47 प्रतिशत और बीईएल में 0.02 प्रतिशत की गिरावट रही।
वैश्विक स्तर पर एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 3.92 प्रतिशत, चीन का शंघाई कंपोजिट 1.29 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसेंग 0.22 प्रतिशत ऊपर रहा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.23 फीसदी चढ़ा जबकि ब्रिटेन का एफटीएसई 0.45 प्रतिशत नीचे था।



