अजमेर। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए उच्च माध्यमिक, वरिष्ठ उपाध्याय एवं माध्यमिक, प्रवेशिका, व्यावसायिक परीक्षा के प्रवेश पत्र बोर्ड की वेबसाईट पर अपलोड कर दिए गए है।
बोर्ड सचिव गजेंद्र राठौड़ ने बताया कि संबंधित शाला प्रधान, अग्रेषण अधिकारी पूर्व प्रदत्त आईडी अथवा पासवर्ड से डाउनलोड करके प्रवेश पत्रों की हार्ड कॉपी निकालकर उसमें मुद्रित सभी प्रविष्टियों की भली भांति जांच कर प्रमाणीकरण पश्चात् संबंधित परीक्षार्थियों को वितरित करेंगें। नियमित परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र संबंधित शाला प्रधान तथा स्वयंपाठी परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र संबंधित अग्रेषण अधिकारी जहां से परीक्षार्थी ने आवेदन पत्र भरा है डाउनलोड कर सकेगें। प्रवेश पत्र बोर्ड की वेबसाईट rajeduboard.rajasthan.gov.in के BOARD MAIN EXAM-2026 के लिंक पर उपलब्ध होगें।
उन्होंने बताया कि ऎसे परीक्षार्थी जिनका शाला से नाम पृथक एनएसओ उपस्थिति न्यून, अन्य कारणों से रोका गया आवेदन पत्र निरस्त अथवा अन्य किसी भी प्रलेख की कमी के कारण अथवा जिन शालाओं ने बोर्ड से सम्बद्धता का वार्षिक शुल्क जमा नहीं कराया है। उनके प्रवेश पत्र बोर्ड कार्यालय द्वारा अपलोड नहीं किए जाएंगे। शाला द्वारा जिन छात्रों का नाम एनएसओ, उपस्थिति न्यून अथवा अन्य कारण से रोका जाना है अथवा आवेदन पत्र निरस्त कर दिया गया है ऎसे छात्रों को प्रवेश पत्र वितरित नहीं करे।
यदि ऎसे प्रवेश पत्र वेबसाईट पर अपलोड हो गए हैं तो शाला प्रधान कमियों वाले प्रवेश पत्रों को अपने स्तर पर रोककर केवल योग्य परीक्षार्थियों को ही प्रवेश पत्र वितरित करें। यदि किसी प्रवेश पत्र पर परीक्षार्थी का फोटो मुद्रित नहीं हो अथवा अस्पष्ट या त्रुटिपूर्ण हो तो शाला प्रधान या अग्रेषण अधिकारी द्वारा परीक्षार्थी का सही फोटो लगवाकर प्रमाणित कर प्रवेश पत्र परीक्षार्थी को वितरित करें तथा बोर्ड कार्यालय में इसकी सूचना प्रेषित कर संशोधन कराएं।
उन्होंने बताया कि परीक्षा समाप्ति पश्चात फोटो संशोधन पर विचार नहीं किया जाएगा। अयोग्य परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र वितरित करने पर समस्त जिम्मेदारी संबंधित शाला प्रधान की होगी। बोर्ड परीक्षा में केन्द्र सामग्री संबंधी अतिआवश्यक निर्देश परीक्षा 2026 के लिए केन्द्र सामग्री के साथ उपस्थिति पत्रक, बैठक व्यवस्था, नामांकों की नॉमिनल रोल, प्रश्न पत्र संख्यात्मक सारणी ऑनलाईन अपलोड की जाएगी इसे संबंधित शालाएं, जिन्हें परीक्षा का केन्द्र बनाया गया है उनके शाला प्रधान नियुक्त केन्द्राधीक्षकों को सम्पूर्ण सामग्री मुद्रित कर अनिवार्यतः उपलब्ध कराएंगे।
बोर्ड कार्यालय में कन्ट्रोल रूम स्थापित
उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम व्यवस्था बोर्ड परीक्षा के संचालन के लिए बोर्ड कार्यालय में 24 घण्टे कार्यरत रहेगा। परीक्षा संबंधी किसी भी शिकायत के लिए नीचे दिए गए दूरभाष नम्बरों पर सम्पर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते है। शिकायतकर्ता अपना नाम, पता, टेलीफोन अथवा मोबाईल नम्बर अवश्य नोट कराएं। कंट्रोल रूम में दर्ज शिकायत का क्रमांक अवश्य प्राप्त करें ताकि इसी शिकायत क्रमांक से समाधान की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। परीक्षार्थियों के नामांक, केन्द्र संबंधी जानकारी बोर्ड वेबसाईट पर उपलब्ध है। बोर्ड कन्ट्रोल रूम फोन नम्बर 0145-2632866, 2632867, 2632668 पर सम्पर्क किया जा सकता है। ईमेल आईडी [email protected] पर भी सम्पर्क किया जा सकता है।



