हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के नोहर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक एक बुजुर्ग महिला को बातों में उलझाकर उसके हाथों से सोने के तीन कंगन छीन कर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता सत्यभामा देवी सुबह करीब सवा 10 बजे गौरव पथ पर गायों को हरा चारा डालने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान दो युवक मोटरसाइकिल पर उनके पास आए। युवकों ने पहले उसे रोका और वृद्धावस्था पेंशन के बारे में पूछताछ शुरू की।
बातचीत के दौरान उन्होंने सत्यभामा देवी को चालाकी से उलझाया और उनके हाथों में पहने सोने के तीन कंगन छीन लिए। कंगनों की अनुमानित कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है। लूटपाट करने के बाद दोनों युवक तुरंत मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। सत्यभामा देवी ने पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।



