अजमेर। राजस्थान मेंं अजमेर जिला अदालत के नए भवन को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल ने प्रशासन की नींद उड़ा दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार न्यायालय परिसर में आए इस धमकी भरे ईमेल की जानकारी तुरंत प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों को दी गई । सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में पुलिस जवान, श्वान दस्ता, बम निरोधक दस्ता सहित तमाम सुरक्षा एजेंसियों पहुंच गई।
सू्त्रों ने बताया कि विभिन्न आधुनिक यंत्रों से पूरे भवन की बारीकी से जांच की गयी। भवन में लगाई गई लिफ्ट और शौचालयों की भी बारीकी से जांच की गयी। निरीक्षण में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने से अधिकारियों ने राहत की सांस ली। वहीं दूसरी ओर सघन जांच की इस कार्रवाई से दो घंटे अदालत परिसर में गतिविधियां प्रभावित रहीं।



