अलवर में पोकलेन मशीन चालक का शव खान से 9वें दिन बरामद

0

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ उपखण्ड क्षेत्र के औडेला गांव में खान में दबे पोकलेन मशीन संचालक का शव शनिवार को निकाल लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ओडेला गांव के समीप लीज की खान में छह फरवरी को खनन के दौरान किए गए भारी विस्फोट से पहाड़ से करीब 50 हजार टन मलबा पोपलेन मशीन और संचालक रामानंद पर गिरा। इससे रामानंद दो सौ फुट से गहरी खाई में भरे पानी में मलबे के साथ दब गया था। बचाव दलों ने लगातार प्रयास से पोपलेन मशीन चौथे दिन निकाल ली थी, लेकिन खाई में दबे संचालक का पता नहीं चल पाया।

सूत्रों ने बताया कि उसके बाद खाई से बड़ी मोटरों के जरिए पानी निकालने का कार्य शुरू किया गया और आठवें दिन मशीनों से मलबे को भी हटाने का कार्य शुरू किया गया। आज बचाव दल को सफलता मिली और रामानंद का शव पूर्वाह्न 11 बजे तलाश करके निकाल लिया गया। इसके बाद तुरंत ही उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया।

ऊंट तस्करी का आरोपी गिरफ्तार, 4 ऊंट बरामद

अलवर जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करके चार मादा ऊंटों को बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक प्रशांत किरण ने शनिवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि राजस्थान से हरियाणा की ओर ऊंटों की तस्करी की जा रही है। इस पर गुरुवार को रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने नाकाबंदी करके एक पिकअप को रुकवाया। पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें चार मादा ऊंट रस्सियों से बंधे मिले। उन्होंने बताया कि चालक फरहान (21) निवासी नूंह, जिला नूंह मेवात (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया है।

5 करोड़ रुपए रंगदारी मांगने का मुख्य आरोपी अरेस्ट

अलवर की भिवाड़ी पुलिस ने वर्ष 2021 में रंगदारी के लिए गोलीबारी करने के मामले में वांछित मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि हरियाणा के फरीदाबाद का बदमाश टेकचंद लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी सहित कई मामले दर्ज हैं। पच्चीस अगस्त 2021 को कुछ बदमाशों ने पीड़ित पुनीत कुमार पर उनके कार्यालय के ही पास गोलीबारी करके उन्हें धमकाया और पांच करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी। इस मामले में रोहित उर्फ साधु, सचिन, दीपक अग्रवाल, अमित उर्फ बडा भोला, अमित डागर गिरफ्तार हो चुके हैं।