जयपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर छोटी चौपड़ के पास बोरडी के कुवे के रास्ते पर स्थित नागर ब्राह्मण समाज के प्राचीन श्री हाटकेश महादेव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला।
इस शुभ अवसर पर मंदिर परिसर में विधि विधान से चार प्रहर रात्रि पूजन, शिव अभिषेक, पूजा-अर्चना और भव्य अनुष्ठान आयोजित किया गया। सांयकाल से ही श्रद्धालुओं का मंदिर में तांता लगा रहा और भक्त भगवान शिव के दर्शन व पूजन के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे।
समाज के सचिव अनूप नागर ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर में चार प्रहर विशेष पूजा संपन्न हुई। जिसमें समाज के दंपतियों ने भाग लेकर शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित किए। मंत्रोच्चार के बीच विधिपूर्वक अभिषेक कराया गया। इस दौरान शिवलिंग का मनोहारी शृंगार किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
पूजन कार्यक्रम के बाद मंदिर में महाआरती का आयोजन किया गया। आरती के समय पूरा वातावरण हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। सम्पूर्ण अनुष्ठान आचार्य भावेश नागर के आचार्यत्व में सम्पन्न हुआ।



