भीलवाड़ा में महिला से रेप, धर्म परिवर्तन के लिए धमकाने का आरोपी अरेस्ट

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के भीमगंज थाना क्षेत्र में एक महिला से दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाने और फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने का मामला सामने आया है।

पुलिस उप निरीक्षक शंकर सिंह ने बुधवार को बताया कि पीड़िता ने शिकायत की कि वह एक गोदाम पर काम करती है, जहां उसकी जान पहचान जानिसार अख्तर उर्फ सोनू (43) से हुई। उसने महिला को संतान सुख का झांसा देकर ताबीज बना कर दिया और बदले में करीब 1100 रुपए वसूले। इसके बाद आरोपी ने महिला को डराना-धमकाना शुरू कर दिया और धोखे से उसके अश्लील फोटो एवं वीडियो बना लिए।

उन्होंने बताया कि पीड़िता ने बताया है कि आरोपी ने इन वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उससे दुष्कर्म किया और साथ चलने एवं धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने लगा। उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद उसने हिम्मत जुटाकर 13 फरवरी को पुलिस को शिकायत की।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले की गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज कर लिया और जांच के बाद जानिसार अख्तर को गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश करके पुलिस हिरासत में लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है।

ट्रक-हार्वेस्टर की टक्कर से दो युवक घायल

भीलवाड़ा के रायला थाना क्षेत्र में बुधवार को ट्रक और कृषि वाहन की टक्कर से दो युवक घायल हो गये। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुबह भीलवाड़ा-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रायला थाने के सामने तेज रफ्तार ट्रक आगे जा रहे कृषि वाहन (हार्वेस्टर) से टकरा गया। इससे हार्वेस्टर में सवार दो युवक घायल हो गए।

टक्कर की आवाज सुनते ही थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया जहां उनका उपचार किया जा रहा है। सू्त्रों ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रक ने हार्वेस्टर से टकराने के बाद डिवाइडर पार करके एक केबिन को चपेट में ले लिया, हालांकि इससे नुकसान नहीं हुआ। पुलिस घटना की जांच कर रही है।