धौलपुर। राजस्थान में धौलपुर के सैंपऊ थाना क्षेत्र में चितौरा गांव में मंगलवार को एक मकान में आग लगने से एक युवती झुलस गई जबकि सवा लाख रुपए से अधिक की सम्पत्ति का नुकसान हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लेखराज जाटव के गांव से बाहर सड़क किनारे बने मकान में अचानक आग लग गई। इस पर ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया, लेकिन तब तक घर के अंदर रखा सारा सामान जलकर खाक हो चुका था।
मार्बल लगाने की ठेकेदारी करने वाले लेखराज ने मजदूरों को भुगतान करने के लिए दो दिन पहले ही रुपए उधार लिए थे। वह राशि जलकर नष्ट हो गई। हादसे के समय लेखराज का एक पुत्र घर में अंदर सो रहा था, उसे लोगों ने समय रहते बाहर निकाल लिया। आग बुझाने के प्रयास में लेखराज की 19 वर्ष की पुत्री सुमन झुलस गई।



