श्रीगंगानगर में सांड से बाइक के टकराने से एक व्यक्ति की मौत, एक घायल

2

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के केसरीसिंहपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक मोटरसाइकिल की सांड से टक्कर हो जाने से एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि रात करीब नौ बजे चक 43-एफ निवासी मनफूलराम नायक (40) अपने भांजे राहुल के साथ मजदूरी का काम पूरा करके गांव बडिंगा से अपने गांव लौट रहा था। दोनों मोटरसाइकिल पर सवार थे। भारतमाला परियोजना मार्ग पर चक 29 एफ के निकट अचानक सड़क के बीचों-बीच आये सांड से मोटर साइकिल टकरा गई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को निकटवर्ती श्रीकरनपुर सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान मनफूलराम नायक की मौत हो गयी। राहुल का उपचार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव आज परिजनों को सौंप दिया गया।

कीटनाशक दवा का सेवन करने से महिला की मौत

श्रीगंगानगर जिले के राजियासर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को कीटनाशक दवा का सेवन करने से एक महिला की मौत हाे गई। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि लीलादेवी (50) रात करीब साढ़े नौ बजे नींद में उठी और भूलवश घर में रखी कीटनाशक दवा की बोतल में से दो-तीन ढक्कन दवा का सेवन कर लिया, जिससे उसे उल्टियां होने लगीं। उसका पति भैराराम उसे लेकर तुरंत अस्पताल गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।