अलवर में ट्रक ने खड़ी कार को टक्कर मारी, दो महिलाओं की मौत, तीन बच्चे घायल

0

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को खड़ी कार में ट्रक की टक्कर से कार सवार दो महिलाओं की मौत हो गई और तीन बच्चे घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कार सवार परिवार हरियाणा के होडल से राजगढ़ एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था। कार में सवार गीता देवी अपने मामा ससुर के बेटे की बारात में शामिल होने गई थी। वापसी के दौरान एक्सप्रेसवे पर सहलपुर गांव के पास कार पंचर हो गई। सुरक्षा के लिहाज से वाहन को किनार खड़ा कर दिया गया और 1033 हेल्पलाइन पर कॉल करके सहायता मांगी गई। उधर से जवाब मिला कि टीम पंचर ठीक करने के लिए आ रही है।

इसी बीच परिवार के सदस्य कार के अंदर ही बैठे रहे। तभी तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से आकर खड़ी कार को टक्कर मार दी। इससे गीता रानी (46) निवासी अंधुआ पट्टी होडल और मीना (55) निवासी कृष्णपुरी, मंडावली, फैजलपुर पूर्वी दिल्ली की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि हादसे में गीता रानी के तीन बच्चे हर्षिता (19), गुड्डू (15) और भव्य (10) घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के पति और अन्य परिजन दूसरी गाड़ी में सवार थे और पीछे आ रहे थे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को स्थानीय समीपवर्ती अस्पताल पहुंचाया। जहां गीता और मीना को मृत घोषित कर दिया।

मोटर साइकिल से गिरने से महिला की मौत

अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार को मोटर साइकिल से गिरने से एक महिला की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि घटना शाम करीब सात बजे की है। बीजवा निवासी हसीना अपने भतीजे अरसद खान के साथ मोटर साइकिल से नंगली सहजपुर अपनी बहन से मिलने जा रही थी।

अलवर-दिल्ली हाईवे पर बालोत नगर के पास तेज गति से जा रही मोटर साइकिल स्पीड ब्रेकर पर उछल गई। इससे हसीना सड़क पर गिर गई। सिर में चोट लगने वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने बताया कि उसे तुरंत रामगढ़ अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे अलवर भेज दिया, लेकिन अलवर ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।