वायुसेना के रिटायर्ड अधिकारी को डिजिटल अरेस्ट कर ढाई करोड़ की ठगी

0

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक बार फिर साइबर ठगी का बहुत बड़ा मामला सामने आया है। वायुसेना के एक सेवानिवृत अधिकारी को डिजिटल अरेस्ट कर साइबर ठगों ने 2 करोड़ 52 लाख रुपए की ठगी कर ली। साइबर ठग सेवानिवृत अधिकारी व उनकी पत्नी को 28 जनवरी से डिजिटल अरेस्ट किये हुये थे। पुलिस ने आज इस मामले में शिकायत मिलते ही एफआईआर दर्ज कर ठगों की तलाश शुरू कर दी है।

सूत्रों के अनुसार सेवानिवृत अधिकारी 90 वर्षीय नारायण महादेव व उनकी पत्नी से साइबर ठगों ने जिंदगी भर की कमाई डिजीटल अरेस्ट में फंसे होने की धमकी देकर हड़प ली। लगातार धमकियों से हारे नारायण महादेव बैंक अधिकारी को संदेह होने पर व उसकी सलाह पर क्राइम ब्रांच थाने पहुंचे और अपनी आपबीती सुनाई तो पुलिस अधिकारी अवाक रह गए।

ग्वालियर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि साइबर ठगों ने महादेव को सीबीआई, ईडी जैसी एजेंसियों का अधिकारी बनकर काल किया और विभिन्न मामलों में उनके शामिल होने के नाम पर डराया धमकाया कि उन्हें जेल भेज दिया जाएगा। महादेव यहां अकेले रहते हैं। उनके बच्चे बाहर हैं, इसीलिए वे बेहद डर गए और अपने सेविंग अकाउंट की राशि साइबर ठगों के खाते में ट्रांसफर कर दी।

इसके बाद बैंक में जमा अपनी एफडीआर भी तुड़वाकर ठगों के खाते में रूपया भेज दिया। बाद में उनके बैंक मैनेजर ने जब उनसे पूछा और साइबर ठगी की शंका जाहिर की तो उन्होंने पुलिस के पास पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई।उनकी शिकायत पर क्राइम ब्रांच पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

एसएसपी सिंह ने बताया कि साइबर ठगों की तलाश की जा रही है और रूपये ट्रांसफर होने वाले खातों को होल्ड करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि जल्दी ही अपराधी दबोच लिए जाएंगे। ग्वालियर में इसके पूर्व गत वर्ष भी रामकृष्ण आश्रम मिशन के सचिव सुप्रदीप्तानंद से भी ढाई करोड़ की साइबर ठगी हो चुकी है, उन्हें भी इसी तरह डिजिटल अरेस्ट किया गया था।