बाड़मेर में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का पर्दाफाश, 8.50 करोड़ का सामग्री जब्त

0

बाड़मेर। राजस्थान में बाड़मेर जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुर्गी फार्म की आड़ में चल रही एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का पर्दाफाश कर करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये मूल्य की ड्रग्स, कच्चा माल और उपकरण बरामद किए हैं।

बाड़मेर पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में सेड़वा थाना पुलिस ने सिंहार क्षेत्र में चल रही इस अवैध एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश कर मौके से न केवल तैयार ड्रग्स, बल्कि उसे बनाने का पूरा सेटअप और भारी मात्रा में रासायनिक पदार्थ बरामद किए हैं। जिनमे 4 किलो 073 ग्राम तैयार एमडी ड्रग्स, 34.746 लीटर हाइड्रोक्लोरिक एसिड, अमोनिया, एसीटोन आदि, 48 किलो 021 ग्राम सफेद और काला पाउडर, 540 ग्राम अवैध डोडा पोस्त, उपकरण कांच की बड़ी ट्रे, इलेक्ट्रिक कांटा और ड्रग्स बनाने की मशीनरी शामिल है।

मीना ने बताया कि आरोपी आदम खान ने अपने खेत में मुर्गी पालन व्यवसाय शुरू किया था ताकि किसी को शक न हो लेकिन इस व्यवसाय की आड़ में बने एक छपरे के भीतर सफेद जहर यानी एमडी ड्रग्स तैयार की जा रही थी। एक सूचना पर सेड़वा थानाधिकारी प्रभुराम और चौहटन वृताधिकारी जेठाराम की टीम ने दबिश दी।

उन्होंने बताया कि जिले में पिछले सात महीनों में यह पांचवीं ड्रग्स फैक्ट्री है जिसे पुलिस ने पकड़ा है। अकेले सेड़वा थाना क्षेत्र में यह तीसरी बड़ी कामयाबी है। पुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी आदम खान निवासी सिंहार को गिरफ्तार कर लिया है वहीं दबिश के दौरान भागने में सफल रहे तीन अन्य आरोपियों करीम खान निवासी सिंहार और नवलाराम जाट एवं जीयाराम जाट निवासी दीपला को नामजद किया गया है।

इनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अब इस पूरे सप्लाई नेटवर्क और स्थानीय कनेक्शन को खंगाल रही है।