युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब भी भारतमंडपम प्रदर्शन मामले में अरेस्ट

1

नई दिल्ली। युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को एआई शिखर सम्मेलन के दौरान यहां भारतमंडपम में प्रदर्शन करने के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।

युवा कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार चिब को सोमवार को पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया और उसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने श्री चिब को रातभर तिलक मार्ग थाने में हिरासत में रखा और मंगलवार सुबह उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

दिल्ली पुलिस ने चिब के अलावा युवा कांग्रेस के प्रदर्शनकारी सात अन्य युवाओं को पहले ही हिरासत में लेकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इन कार्यकर्ताओं पर आरोप है कि उन्होंने विश्व सम्मेलन के दौरान देश की छवि को खराब किया और पुलिस को चकमा देकर भारतमंडपम में अर्धनग्न प्रदर्शन किया।

पुलिस ने गत शुक्रवार को भारतमंडपम में विरोध प्रदर्शन करने पर युवा कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं गिरफ्तार किया था और तीन अन्य को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में अब तक चिब सहित आठ युवाओं को गिरफ्तार किया जा चुका है।