हाईकोर्ट की अनुमति के बाद मसूदा के भिनाय में खुलेगी अदालत

0

जयपुर। राजस्थान के विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि अजमेर के भिनाय में न्यायालय स्थापित करने के संबंध में कार्यवाही पूरी कर ली गई है और उच्च न्यायालय से अनुमति मिलते ही इस न्यायालय को शुरु कर दिया जाएगा।

पटेल प्रश्नकाल में विधायक वीरेन्द्र सिंह के पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि बजट वर्ष 2025-26 में भिनाय में दीवानी और सत्र अदालत स्थापित करने घोषणा की गई थी। उन्होंने कहा कि राजस्थान उच्च न्यायालय से प्राप्त सूचना के अनुसार वर्तमान में मसूदा विधानसभा क्षेत्र के बिजयनगर में नवीन अपर जिला एवं सत्र न्यायालय की स्थापना का प्रस्ताव राजस्थान उच्च न्यायालय की कमेटी के समक्ष विचारार्थ लंबित है।

इससे पहले सिंह के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र मसूदा के उपखण्ड मुख्यालय बिजयनगर में नवीन अपर जिला एवं सत्र न्यायालय की स्थापना करने पर राज्य सरकार गम्भीरता से विचार कर रही है।

उन्होंने कहा कि बिजयनगर क्षेत्र के लंबित प्रकरण मात्र 302 हैं, जो कि राज्य सरकार के निर्धारित मानदण्ड से बहुत कम हैं। राजस्थान उच्च न्यायालय की कमेटी से परामर्श/प्रस्ताव प्राप्त होने पर, उस क्षेत्र के प्रकरण निर्धारित मानदण्ड 1000-1200 प्रकरण लंबित होने पर तथा वित्तीय संसाधन की उपलब्धता होने पर ही न्यायालय की स्थापना की कार्यवाही की जा सकेगी।