कोलायत में बालिका की रेप के बाद हत्या करने का आरोपी अरेस्ट

1

बीकानेर। राजस्थान में कोलायत के रणजीतपुरा गांव में बालिका से दुष्कर्म करके उसकी हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि लगातार प्रयास के बाद आरोपी श्याम सुंदर मेघवाल को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी इसी क्षेत्र का है।

उल्लेखनीय है कि 21 फरवरी को घर से परीक्षा देने निकली बालिका का शव रणजीतपुरा गांव में झाडि़यों में मिला था। इसके बाद से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण आक्रोश व्यक्त करते हुए पोस्टमार्टम करवाने से इन्कार कर दिया और धरने पर बैठ गए। मौके पर पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी, देवी सिंह भाटी और अन्य नेता भी पहुंच गए।

ग्रामीणों और आरोपी को शीघ्र पकड़ने और पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपए का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, इसका मुकदमा फास्ट ट्रैक न्यायालय में चलाकर जल्द सजा की मांग की।

उधर, पुलिस पर चारों ओर से पड़ रहे दबाव के तहत पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सागर ने आरोपी की गिरफ्तार के लिए चार पुलिस दलों का गठन किया, जिन्होंने विभिन्न माध्यमों और मुखबिरों की मदद से आखिरकार आरोपी का सुराग लगा लिया और कल देर रात उसे दबोच लिया गया। आरोपी श्याम सुंदर पुलिस को चकमा देने के लिए खुद सोशल मीडिया पर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहा था।

उधर, आरोपी की गिरफ्तारी के बावजूद परिजनों ने मांगें पूरी होने तक पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। तीन दिन के गतिरोध के बाद राज्य सरकार की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद पीड़ित परिवार और ग्रामीण पोस्टमार्टम के लिए सहमत हो गए। इसके बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू हुई।

सूत्रों ने बताया कि फिलहाल राज्य सरकार की ओर से मुख्यमंत्री सहायता कोष से पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपए की तत्काल सहायता राशि मंजूर की गई है। जन सहयोग से पीड़ित परिवार के लिए 89 लाख रुपए एकत्रित किए जा चुके हैं। अन्य मांगों को लेकर उपखंड अधिकारी राज्य सरकार को प्रस्ताव बनाकर भेजेंगे।