हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा थाना क्षेत्र में विदेश में नौकरी दिलाने का लालच देकर एक किसान से आठ लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है।
हांसलिया गांव निवासी पीड़ित युवक गुरविंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायत में बताया कि सोशल मीडिया पर विदेश में नौकरी का एक विज्ञापन देखकर उसने सूरतगढ़ के जीएस वीजा प्वाइंट से जुड़े जसपालसिंह, अर्जुन गोदारा और राजेश कुमार से सम्पर्क किया, जिन्होंने उसे जॉर्जिया में अच्छी नौकरी दिलाने का आश्वासन देते हुए उससे कुल आठ लाख रुपए ले लिए।
उसने बताया कि आरोपियों ने उसे वीजा और अन्य कागजात देकर जॉर्जिया भेजने के नाम पर दुबई के रास्ते रवाना किया। दुबई हवाई अड्डे पर जब उसने एजेंसी के सामने दस्तावेज दिखाए तो सारा खेल खुल गया। वीजा पूरी तरह फर्जी था।
विदेशी एजेंसी ने उसे तुरंत वापस भारत भेज दिया। निराश और आर्थिक रूप से गुरविंदरसिंह ने पीलीबंगा थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीलीबंगा थानाधिकारी जगदीश प्रसाद ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



