कोटपुतली-बहरोड़। राजस्थान में कोटपुतली बहरोड़ जिले के बानसूर उपखंड में खाद्य सुरक्षा दल ने सोमवार देर रात नकली दूध बनाने का कारखाने का खुलासा किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी शशिकांत शर्मा ने मंगलवार को बताया कि दल को बाबरिया गांव स्थित एक दूध संग्रह केंद्र में मिलावटी और सिंथेटिक दूध बनाने की सूचना मिली थी। यह केंद्र एक नामी ब्रांड की डेयरी के कोड संख्या (724) का उपयोग कर रहा था। इसकी आड़ में मिलावटी दूध का उत्पादन किया जा रहा था। इस संग्रह केंद्र का संचालन जगराम यादव कर रहा था। खाद्य सुरक्षा दल ने घर के एक कमरे में बनी इस डेयरी का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वहां चार बड़ी मिक्सर मशीनें, न्यूट्रीलाइट ब्रांड के रिफाइंड तेल के दो भरे और दो खाली पीपे, दो गैस चूल्हे, आधा टिन इमल्सीफायर, 25 किलोग्राम लैक्टोज पाउडर का एक कट्टा, करीब 200 लीटर तैयार मिलावटी दूध, दो बीएमसी में करीब 500 लीटर एकत्रित दूध और एक क्रीम निकालने की मशीन मिली।
केंद्र संचालक जगराम यादव ने बताया कि वह वर्ष 2008 से दूध संग्रह का काम कर रहा है। जांच दल ने तुरंत डेयरी सुपरवाइजर से बात करके केंद्र के कोड नंबर 724 को बंद करने का निर्देश दिया। तैयार दूध के दो नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच दल ने जब्त किये गये मिलावटी दूध, रिफाइंड तेल, लैक्टोज पाउडर और इमल्सीफायर को मौके पर ही नष्ट करवा दिया।



