सवाई माधोपुर। राजस्थान में सवाई माधोपुर में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) एवं यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की प्रदर्शन के दौरान पुलिस से झड़प हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि एनएसयूआई एवं यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बजरिया स्थित महावीर पार्क में इकट्ठा होकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी कलेक्टर को मौके पर बुलाकर ज्ञापन लेने की जिद पर अड़ गए।
पुलिस ने बताया कि जब कलेक्टर उनके पास नहीं आए तो सभी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठ गए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो कार्यकर्ता पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी करने लगे और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। उनकी पुलिस से धक्का मुक्की भी हो गई। इस पर पुलिस ने एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष आसिब खलीफा और कार्यकर्ता मनोज मीणा को हिरासत में ले लिया।



