भीलवाड़ा में खड़े ट्रक से टकराई कार, दो युवक घायल

1

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के फूलियांकला थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक कार के खड़े ट्रक से टकराने से दो युवक घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भीम-उनियारा राष्ट्रीय राजमार्ग 148डी पर आज तड़के पांच बजे बडला चौराहे के निकट शाहपुरा की ओर से आ रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा टकराई। इससे कार में सवार सांवर लाल और छोटू लाल घायल हो गए।

सूत्रों ने बताया कि दोनों घायलों को एम्बुलेंस से गुलाबपुरा चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से उन्हें भीलवाड़ा के जिला अस्पताल भेज दिया गया।

आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान

भीलवाडा के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक मकान में अचानक आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया। सुभाष नगर में रामलाल जाट के मकान में किराये से रह रहे नीरज कचोलिया मकान के एक हिस्से को गोदाम के रूप में इस्तेमाल कर रहा था। रात में गोदाम में लगी पानी की मोटर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण करते हुए पूरे मकान में फैल गईं।

सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पाया लिया। हालांकि इससे कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पीड़ित नीरज कचोलिया की स्कूटी सहित गोदाम में रखा करीब ढाई लाख रुपए का मोबाइल के उपकरण और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया।

अवैध बजरी खनन करते तीन आरोपी अरेस्ट

भीलवाड़ा में अवैध बजरी खनन के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को पुलिस ने पोटला स्थित चंद्रभागा नदी में बजरी से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त करके तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों गुरुवार को बताया कि अवैध खनन की सूचना मिलने पर पुलिस उप निरीक्षक अर्जुनलाल गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस के तीन दलों का गठन किया गया। इन दलों ने सुनियोजित तरीके से चंद्रभागा नदी क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बजरी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों जब्त करके चालक रतनलाल जाट, सोनू और देवी नायक को हिरासत में लिया गया।