अलवर। राजस्थान में अलवर के सदर थाना क्षेत्र क्षेत्र में शुक्रवार को एक कार के पेड़ से टकराने से एक पुलिस के जवान की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान सशस्त्र बल (आरएसी) के जवान अशोक कुमार मीणा ड्यूटी के बाद कार से सुबह घर लौट रहा था कि अलवर-राजगढ़ मेगा हाईवे पर महुआ टोल के समीप कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कार से बाहर निकालकर अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल पहुंचाया जहां पोस्टमार्टम के परिजनों को सौंप दिया। पुलिस घटना की जांच शुरू कर दी है।
दो साइबर ठग गिरफ्तार
अलवर में पुलिस ने ऑनलाइन साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करके उनसे चार मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने शुक्रवार को बताया कि जिले में बढ़ते ऑनलाइन ठगी के मामलों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर दो शातिर साइबर अपराधियों शाकिर (32) और साहिल खान (22) को पकड़ा।
उन्होंने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन माध्यमों से लोगों को झांसे में लेकर ठगी करते थे। ये साइबर ठग फर्जी आईडी बनाकर सेना के अफसर बनकर ठगी करते हैं।
शाकिर सेना अधिकारी बनकर बेड, सोफा अलमारी फ्रिज सहित सामान बेचने की बात कहता था और बताता कि उसका स्थानांतरण हो गया है और वह सामान बेचना चाहता है। वहीं साहिल यूएसडीटी बेचने का काम करता था। वे मोबाइल, लैपटॉप अन्य सामान सस्ते दामों में बेचने का लालच देते थे।



